देश की खबरें | अमरावती में राणा दंपति के आवास के बाहर शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया

अमरावती (महाराष्ट्र), 23 अप्रैल शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को यहां सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

राणा दंपति ने मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने की घोषणा की थी, जिसके बाद शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

दंपति द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ करने के आह्वान के कारण मुंबई में शिवसैनिकों ने कड़ा विरोध किया।

राणा दंपति द्वारा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास ‘मातोश्री’ के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करने की योजना स्थगित करने के बाद उन्हें ‘‘विभिन्न समूहों में विद्वेष पैदा’’करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

अमरावती के शंकर नगर इलाके में शिवसैनिकों ने राणा दंपति के ‘गंगा सावित्री’ आवास के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की। वे दोनों (राणा दंपति) पहले ही मुंबई के लिए रवाना हो चुके थे।

पुलिस ने राणा दंपति के आवास के बाहर अवरोधक लगा रखे थे। जैसे ही शिवसेना कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर कूदने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)