देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू का समर्थन करने के लिए शिवसेना सांसद ने उद्धव ठाकरे को लिखा पत्र

पालघर (महाराष्ट्र), आठ जुलाई महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट से शिवसेना सांसद राजेंद्र गावित ने अपनी पार्टी के प्रमुख उद्धव ठाकरे से राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का शुक्रवार को आग्रह किया।

आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले गावित इस तरह की मांग करने वाले शिवसेना के दूसरे सांसद हैं। हालांकि, उद्धव ठाकरे नीत पार्टी ने अबतक अपना रुख साफ नहीं किया है।

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के बागी गुट ने 18 जुलाई होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में मुर्मू का समर्थन करने का फैसला किया है।

ठाकरे को बृहस्पतिवार को लिखे पत्र में गावित ने कहा कि एक आदिवासी महिला का राष्ट्रपति बनना सम्मान की बात होगी।

उन्होंने कहा कि इससे पहले पार्टी संस्थापक बाल ठाकरे ने राजग का साथ न देते हुए प्रतिभा पाटिल और प्रणब मुखर्जी की उम्मीदवारी (दोनों कांग्रेस नेता) का समर्थन किया था।

शिवसेना ने 2019 में राजग से नाता तोड़ दिया था और महाराष्ट्र में कांग्रेस एवं राकांपा के साथ सरकार बनाई थी।

इस हफ्ते के शुरू में दक्षिण मध्य मुंबई लोकसभा सीट से शिवसेना सांसद राहुल शेवाले ने भी ठाकरे को पत्र लिखकर ऐसी ही मांग की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)