देश की खबरें | शाह झारखंड चुनाव के लिए आज भाजपा का घोषणापत्र जारी करेंगे, तीन रैलियों को संबोधित करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव घोषणापत्र जारी करेंगे और तीन रैलियों को संबोधित करेंगे।
रांची, तीन नवंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव घोषणापत्र जारी करेंगे और तीन रैलियों को संबोधित करेंगे।
शाह शनिवार रात झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे।
भाजपा ने कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को रांची में झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए ‘संकल्प पत्र’ जारी करेंगे। वह दिन में घाटशिला, बरकट्ठा और सिमरिया विधानसभा क्षेत्रों में तीन जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार नवंबर को झारखंड का दौरा करेंगे और दो जन सभाओं को संबोधित करेंगे।
मोदी के दौरे के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पांच नवंबर को जमशेदपुर में एक जनसभा करेंगे।
भाजपा नेताओं ने बताया कि शाह झारखंड के गठन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा के घोषणापत्र के 25 प्रमुख बिंदुओं और आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 150 बिंदुओं वाला दस्तावेज जारी कर सकते हैं।
झारखंड 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर अलग राज्य बना था। इसी दिन बिरसा मुंडा की जयंती भी होती है।
इससे पहले, भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पांच अक्टूबर को ‘पंच प्रण’ जारी किया था, जिसमें पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की सहायता, युवाओं के लिए पांच लाख नौकरियां, 500 रुपये में एलपीजी गैस सिलेंडर और सभी के लिए घर का वादा किया गया है।
भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय मंत्रियों शिवराज सिंह चौहान, अन्नपूर्णा देवी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की मौजूदगी में यहां 'पंच प्रण' जारी किया था।
राज्य में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 03, 2024 09:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

