देश की खबरें | शाह का 30 जुलाई को इंदौर दौरा: परशुराम जन्मस्थली जाएंगे, भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 जुलाई (रविवार) को एक दिवसीय दौरे पर इंदौर आएंगे। इस दौरान वह भगवान परशुराम की जन्मस्थली के दर्शन करेंगे और साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
इंदौर, 27 जुलाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 जुलाई (रविवार) को एक दिवसीय दौरे पर इंदौर आएंगे। इस दौरान वह भगवान परशुराम की जन्मस्थली के दर्शन करेंगे और साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा के एक राष्ट्रीय पदाधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। शाह ने राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोर समिति की बैठक की बुधवार को अध्यक्षता की थी। इसके अगले ही दिन भाजपा ने उनके इंदौर दौरे की घोषणा की।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने संवाददाताओं को बताया कि शाह 30 जुलाई को इंदौर आने के बाद इस शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर जानापाव कुटी में भगवान परशुराम की जन्मस्थली के दर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि शाह अपने एक दिवसीय दौरे में इंदौर में भाजपा के संभागीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पूरी ताकत से जुटने का संकल्प दिलाया जाएगा ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत हासिल करने के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए भाजपा को फिर से सत्ता में लाया जा सके।
कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने बुधवार को घोषणा की थी कि अगर विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की सरकार बनती है, तो किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी और उनके कृषि ऋण तथा बकाया बिजली बिल माफ कर दिए जाएंगे।
विजयवर्गीय ने कमलनाथ की इस घोषणा को ‘किसानों को बहलाने की कोशिश’ करार दिया और कहा कि ‘‘कमलनाथ के झांसे में अब कोई नहीं आएगा।’’
भाजपा महासचिव ने कहा,‘‘कमलनाथ ने वर्ष 2018 के पिछले विधानसभा चुनाव में भी कृषि कर्ज माफी और बेरोजगार युवकों को भत्ता देने के वादे किए थे। लेकिन सबको याद है कि कमलनाथ मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के 15 मिनट के भीतर ही
ये वादे भूल गए थे।’’
विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर मतदाताओं से वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि कमलनाथ और कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र, दोनों को ही कोई भी व्यक्ति गंभीरता से नहीं लेता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)