देश की खबरें | ‘मेरा गांव मेरी धरोहर’ परियोजना के तहत डिजिटल मंच की शुरुआत करेंगे शाह

नयी दिल्ली, 27 जुलाई केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के तहत बृहस्पतिवार को यहां कुतुब मीनार परिसर में ‘मेरा गांव मेरी धरोहर’ पहल के रूप में एक डिजिटल मंच की शुरुआत करेंगे। संस्कृति मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के साथ मिलकर राष्ट्रीय सांस्कृतिक मानचित्रण मिशन के तहत ‘मेरा गांव मेरी धरोहर’ (एमजीएमडी) नामक एक परियोजना शुरू की है।

मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य भारत के 29 राज्य और सात केंद्र शासित प्रदेश के 6.5 लाख गांवों का एक व्यापक डिजिटल मंच पर सांस्कृतिक मानचित्रण करना है।

शाह बृहस्पतिवार शाम सात बजे कुतुब मीनार परिसर में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान डिजिटल मंच की आधिकारिक शुरुआत करेंगे। इसमें कहा गया है कि यह मंच लोगों को भारत के गांवों से जोड़ेगा।

एमजीएमडी के माध्यम से लोगों को भारत की विविध और जीवंत सांस्कृतिक विरासत को जानने का अवसर मिलेगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के प्रति अनुराग को प्रोत्साहित करना, ग्रामीण समुदायों में आर्थिक विकास, सामाजिक सद्भाव और कलात्मक विकास का मार्ग प्रशस्त करना है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘कल बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली के कुतुब मीनार में पूर्वाह्न 11 बजे से रात 10 बजे तक शुरुआत कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में आगंतुकों को भारत के गांवों की जानकारी प्राप्त करने और वर्चुअल यात्रा करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।’’

मंत्रालय ने कहा कि यह प्रदर्शनी और स्टॉल 11 बजे पूर्वाह्न से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे, जिसमें प्रत्येक गांव की सांस्कृतिक धरोहरों की मनोरम झलक दिखाई जाएगी। उसने कहा कि समारोह में कुतुब मीनार पर एक प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी होगा, जिसमें भारत के कुछ चुनिंदा गांवों की अलग-अलग ‘थीम’ दिखाई जाएगी।

मंत्रालय ने कहा कि इस अवसर पर पंचायती राज, ग्रामीण विकास और पशुपालन मंत्रालयों के मंत्रियों के साथ साथ अन्य सम्मानित अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।

उसने कहा कि एमजीएमडी की लांच फिल्म एक आकर्षक और प्रेरणादायक गाथा प्रस्तुत करेगी, जिसके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव को और मजबूत बनाया जा सकेगा।

बयान में कहा गया कि इस कार्यक्रम के दौरान अमित शाह अलग-अलग गांवों के ग्रामीणों के साथ एक "संवाद" भी करेंगे जिसके माध्यम से भारत के गांवों के हृदय और आत्मा से जुड़ने का एक अनूठा अवसर प्राप्त होगा। इस संवाद का संचालन एक रेडियो जॉकी द्वारा किया जाएगा। बयान के अनुसार इस समारोह का समापन प्रसिद्ध कलाकारों जावेद अली और अन्वेशा की संगीतमय प्रस्तुति के साथ होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)