देश की खबरें | एसजीपीसी प्रमुख ने पाकिस्तान में सिख व्यक्ति की हत्या की निंदा की

अमृतसर, 25 जून शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने पाकिस्तान में एक सिख व्यक्ति की हत्या की निंदा की है।

पाकिस्तान के पेशावर शहर में शनिवार को कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने मनमोहन सिंह (35) नामक एक सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सिख व्यक्ति पेशावर के उपनगरीय इलाके रशीद गढ़ी से शहर क्षेत्र की ओर जा रहा था कि तभी गुलदारा चौक काकशाल के पास कुछ हथियारबंद लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

हरजिंदर सिंह धामी ने रविवार को यहां एक बयान में कहा कि पाकिस्तान में मनमोहन सिंह की हत्या बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।

उन्होंने कहा, ‘‘ पाकिस्तान में अल्पसंख्यक सिखों की सुरक्षा को लेकर वहां की सरकार को गंभीर होना चाहिए। दो दिन में सिखों पर हमले की यह दूसरी घटना है। ’’

धामी ने कहा कि यह दुखद है कि पाकिस्तान में पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने पिछले मामलों में दोषियों को कड़ी सजा दी होती तो दोबारा ऐसा नहीं होता।

एसजीपीसी अध्यक्ष ने पाकिस्तान सरकार से सिख दुकानदार की हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)