देश की खबरें | उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप, कम से कम 25 चुनाव कर्मियों समेत 40 लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी की चपेट में आने से शुक्रवार को विभिन्न राज्यों में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जिनमें उत्तर प्रदेश और बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए तैनात 25 कर्मचारी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मिर्जापुर/पटना, 31 मई उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी की चपेट में आने से शुक्रवार को विभिन्न राज्यों में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जिनमें उत्तर प्रदेश और बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए तैनात 25 कर्मचारी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को भी भीषण गर्मी के कारण ओडिशा में 10, बिहार में 8, झारखंड में चार और उत्तर प्रदेश में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, राजस्थान में गर्मी से अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि सर्वाधिक 17 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश में हुई। इसके अलावा, बिहार में 14, ओडिशा में पांच, झारखंड में चार लोगों की मौत होने की सूचना मिली है।
उन्होंने बताया कि 1,300 से अधिक लोग लू लगने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं।
बढ़ते तापमान के कारण दिल्ली समेत देश के कुछ भागों में जल संकट उत्पन्न हो गया है और वहां के निवासियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। लोगों को अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पानी की व्यवस्था करने के वास्ते लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है।
दिल्ली की गीता कॉलोनी की निवासी विभा देवी ने कहा, “मैं तड़के चार बजे से कतार में खड़ी हूं, लेकिन भीड़ के कारण मैं पानी के टैंकर तक नहीं पहुंच पाती...पानी मिलना मुश्किल है।”
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, कानपुर (आईएएफ) मौसम केंद्र ने देश में सबसे अधिक 48.2 डिग्री तापमान दर्ज किया। हरियाणा का सिरसा 47.8 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा। दिल्ली के आयानगर में शहर का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, बिहार के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में भीषण लू की स्थिति बनी हुई है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी लू की स्थिति बनी रही। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी लू जैसी स्थिति है।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो-तीन दिन में स्थिति कुछ बेहतर होने का अनुमान है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश में अधिकारियों ने कहा कि संभवत: लू लगने के कारण कम से कम 15 चुनाव कर्मियों की मौत हो गई। लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिला और मिर्जापुर समेत 13 सीट पर शनिवार को मतदान होना है।
मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राज बहादुर कमल ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि अस्पताल में 13 चुनाव कर्मियों की मौत हो गई। मृतकों में सात होमगार्ड जवान, तीन सफाई कर्मचारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात एक लिपिक, एक चकबंदी अधिकारी और होमगार्ड का एक कर्मी शामिल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2024 10:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

