Weather Update: उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी, यूपी का प्रयागराज और दिल्ली का नरेला सबसे गर्म स्थान
उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भीषण गर्मी का दौर जारी रहा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. दिल्ली के नरेला और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
नयी दिल्ली, 11 जून: उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भीषण गर्मी का दौर जारी रहा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. दिल्ली के नरेला और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर जारी है और मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आईएमडी के मुताबिक नरेला मौसम विज्ञान केंद्र ने शहर में सबसे अधिक तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. शहर का आधिकारिक संकेतक माने जाने वाली सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस मौसम के सामान्य औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है.
आईएमडी के बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों जैसे नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आया नगर में 44.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 45 डिग्री सेल्सियस और पालम में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया था.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राज्य में सबसे अधिक 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वाराणसी में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री, बागपत और फुरसतगंज में 45.2 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 45 डिग्री और राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस बीच, आगरा में हल्की बारिश हुई.
राजस्थान के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ गर्मी का प्रकोप जारी रहा. मंगलवार को चुरू 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा.
जयपुर मौसम केन्द्र के एक अधिकारी ने बताया कि चूरू में मंगलवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 45.1 डिग्री, फतेहपुर और बीकानेर में 44.8 डिग्री, पिलानी में 44.7 डिग्री, संगरिया में 44.3 डिग्री, बाड़मेर में 44 डिग्री, जयपुर, अलवर एवं जैसलमेर में 43.5 डिग्री तापमान तथ जोधपुर और जालौर में 42.8 डिग्री दर्ज किया गया.
उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से 32 डिग्री के बीच दर्ज किया गया. उनके अनुसार मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में सामान्य से चार डिग्री अधिक है.
वहीं, हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और हमीरपुर जिले का नेरी 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. ऊना में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री, धौलाकुआं में 42.6 डिग्री, हमीरपुर में 40.8 डिग्री और सुंदरनगर में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हिमाचल प्रदेश स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 और 13 जून को निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में शुष्क मौसम तथा 12 से 14 जून तक ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया है.
हरियाणा के नूंह में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस और हिसार में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस बीच, पंजाब के अंबाला में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी रही और यहां अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2024 09:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

