देश की खबरें | आईएसएल के सातवें सत्र का आयोजन नवंबर से मार्च तक, मेजबानी की दौड़ में गोवा और केरल आगे

नयी दिल्ली, छह जुलाई इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सातवें सत्र का आयोजन नवंबर से मार्च के बीच खाली स्टेडियम में कराने की तैयारी है और कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए इसका आयोजन दो राज्यों में ही किए जाने की संभावना है। गोवा और केरल ऐसे में मेजबानी की दौड़ में सबसे आगे हैं।

आईएसएल के आयोजक फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड और क्लब के प्रतिनिधियों के बीच सोमवार को हुई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई।

यह भी पढ़े | कोरोना के चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटे में 21 मरीज पाए गए: 6 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

आईएसएल के एक करीबी सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘निश्चित तौर पर लीग का आयोजन खाली स्टेडियम में होगा और इसकी तारीख नवंबर से मार्च के बीच होगी। संभावित स्थलों के रूप में केरल, गोवा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर पर चर्चा की गई लेकिन इस समय गोवा और केरल को प्रबल दावेदार कहा जा सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘योजना एक या दो राज्य के कई स्थलों पर मेजबानी करने की है।’’

यह भी पढ़े | अनलॉक होते ही छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था ने पकड़ी रफ्तार, मुख्यमंत्री बघेल ने कहा- संकट काल मे प्रदेश ने दिखाई राह.

जहां तक कोविड-19 का सवाल है तो केरल और गोवा कई अन्य राज्यों की तुलना में इस समय बेहतर स्थिति में है और यही उन्हें वहां मेजबानी के लिए अनुकूल बनाता है।

सूत्र ने कहा, ‘‘सभी चीजों में आगे आंतरिक रूप से चर्चा होगी और आईएसएल राज्य तथा केंद्र सरकारों के साथ मिलकर काम करेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राज्यों और स्थलों को अंतिम रूप देने से पहले वे चिकित्सकीय पहलू, साजो-सामान से जुड़े पहलुओं और सभी के लिए अनुकूल और स्वस्थ्य वातावरण तैयार करने पर भी विचार करेंगे। ’’

पूर्वोत्तर में आइजोल, इंफाल, शिलांग, गुवाहाटी और गंगटोक के नाम पर संभावित स्थल के रूप में चर्चा की गई जबकि कोलकाता भी चर्चा का हिस्सा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)