दुबई, 31 अगस्त किंग्स इलेवन पंजाब के क्षेत्ररक्षण कोच जोंटी रोड्स का मानना है कि टीम के मोहम्मद शमी जैसे सीनियर खिलाड़ियों के लिए यह जरूरी है कि वह आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में जूनियर खिलाड़ियों के लिए उदाहरण पेश करें।
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण आईपीएल के 13वें सत्र का आयोजन 19 सितंबर से 10 नवंबर के बीच यूएई में तीन स्थलों दुबई, अबु धाबी और शारजाह में किया जा रहा है।
यह भी पढ़े | IPL 2020 Update: डिविलियर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के साथ अभ्यास का ‘लुत्फ’ उठाया.
रोड्स ने किंग्स इलेवन पंजाब के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट वीडियो में कहा, ‘‘ऊर्जा के नजरिए से देखें तो मेरी नजर हमेशा सीनियर खिलाड़ियों पर होती है कि वे अगुआई करें क्योंकि मयंक अग्रवाल, करूण नायर, दीपक हुड्ड जैसे कुछ प्रतिभावान युवा खिलाड़ी हैं जो काफी अच्छे क्षेत्ररक्षक हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मेरी नजर में शमी जैसे खिलाड़ी इस टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि उन पर अधिकतर नजर रहती है और वे काफी सम्मानित हैं, विशेषकर भारतीय क्रिकेट जगत में।’’
यह भी पढ़े | IPL 2020 Update: आईपीएल प्रसारणकर्ता स्टार के सदस्य को कोरोना, कार्यक्रम में किया बदलाव.
रोड्स ने कहा, ‘‘अगर वे शीर्ष स्तर स्थापित कर रहे हैं तो फिर युवा खिलाड़ियों के लिए उनके नक्शेकदम पर चलना आसान हो जाता है।’’
किंग्स इलेवन पंजाब की अगुआई भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल करेंगे।
रोड्स किंग्स इलेवन पंजाब के साथ पहली बार जुड़े हैं। वह दो साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले वह मुंबई इंडियन्स के साथ जुड़े थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY