देश की खबरें | दिल्ली विधानसभा अनुसंधान केंद्र के 116 फेलो की सेवाएं समाप्त की, बाद में आदेश पर रोक लगाई

नयी दिल्ली, छह जुलाई विधानसभा सचिवालय ने दिल्ली विधानसभा अनुसंधान केंद्र के तहत 116 फेलो की सेवाएं बृहस्पतिवार को समाप्त कर दी, लेकिन अध्यक्ष रामनिवास गोयल के हस्तक्षेप के बाद निर्णय पर रोक लगा दी गई है।

इससे कुछ दिन पहले ही दिल्ली सरकार के सेवा विभाग ने सभी महकमों, बोर्ड और आयोगों को पत्र लिखकर कहा था कि वे उपराज्यपाल की मंजूरी के बिना फेलो और सलाहकारों की नियुक्ति नहीं करें। इसने दिल्ली विधानसभा से भी कहा था कि उसके पास बिना मंजूरी के ऐसे कर्मियों को नियुक्त करने का अधिकार नहीं है।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने हाल में अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा नियुक्त किए गए करीब 400 ‘विशेषज्ञों’ की सेवा को समाप्त कर दिया था। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने इस कदम को ‘असंवैधानिक’ करार दिया था।

विधानसभा सचिवालय ने बृहस्पतिवार को एक आदेश जारी कर कहा कि दिल्ली विधानसभा अनुसंधान केंद्र के फेलो, एसोसिएट फेलो और एसोसिएट फेलो (मीडिया) की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया गया है।

इस कदम से 45 फेलो, नौ एसोसिएट फेलो (मीडिया) और 62 फेलो प्रभावित हो सकते हैं।

मगर बाद में उसने एक और आदेश जारी कर कहा कि फेलो, एसोसिएट फेलो और एसोसिएट फेलो (मीडिया) की नियुक्ति को खत्म करने से संबंधित आदेश को अगले निर्देश तक स्थगित किया जाता है।

गोयल ने ‘पीटीआई-’ से बात करते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप के कारण आदेश पर रोक लगा दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)