चेन्नई, 14 जून प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता एवं तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी को गिरफ्तार करने के कुछ घंटे बाद अदालत में कहा कि उन्होंने 2014-15 में राज्य के परिवहन उपक्रमों में कथित नौकरी घोटाले तथा रिश्वत के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया।
ईडी के अनुसार उम्मीदवारों ने मंत्री के सहयोगियों के जरिए कथित तौर पर रिश्वत का भुगतान किया।
एजेंसी ने उन्हें मामले में "प्रमुख संदिग्ध" बताते हुए कहा कि बालाजी और उनकी पत्नी के बैंक खातों में लगभग 1.60 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी जमा की गई थी।
ईडी ने बुधवार को बालाजी (47) को धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया। इससे एक दिन पहले, एजेंसी ने उनके परिसरों और चेन्नई तथा कुछ अन्य स्थानों पर उनसे जुड़े लोगों के यहां छापे मारे थे।
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बालाजी के खिलाफ ईडी की छापेमारी को केंद्र की ''डराने की राजनीति'' बताया था।
बालाजी को बुधवार सुबह शहर के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में बालाजी का ‘कोरोनरी एंजियोग्राम’ किया गया। चिकित्सकों ने उन्हें ‘‘जल्द से जल्द’’ बाईपास सर्जरी कराने की सलाह दी है।
चेन्नई की एक स्थानीय अदालत ने बालाजी को 28 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
ईडी ने अपनी दलील में दावा किया कि बालाजी ने एमटीसी एवं टीएनएसटीसी में नौकरी घोटाले के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया।
बालाजी और उनके सहयोगियों के खिलाफ यह मामला राज्य में 2011-15 के दौरान अन्नाद्रमुक सरकार के कार्यकाल का है जब वह राज्य के परिवहन मंत्री थे।
एजेंसी के अनुसार, राज्य द्वारा संचालित महानगर परिवहन निगम (एमटीसी) एवं तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (टीएनएसटीसी) में अनियमितताएं हुईं।
ईडी का आरोप है कि उन्होंने अपने भाई आर वी अशोक कुमार, निजी सहायक बी षणमुगम और एम कार्तिकेयन नामक एक व्यक्ति के साथ मिलकर सभी राज्य परिवहन उपक्रमों के प्रबंध निदेशकों और परिवहन निगमों के अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर साजिश रची। यह साजिश उम्मीदवारों से रिश्वत लेकर (वर्ष 2014-15 के दौरान) उन्हें चालक, परिचालक, कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ अभियंता एवं सहायक अभियंता के रूप में भर्ती करने के लिए थी।
एजेंसी ने आरोप लगाया कि पूरी नियुक्ति प्रक्रिया धोखाधड़ी से भरी और भ्रष्ट थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY