Sensex Update: सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती गिरावट के बाद आई तेजी
एशियाई बाजारों में तेजी के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त दर्ज की गई. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 202.87 अंक या 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,202.12 अंक पर आ गया.
मुंबई, 23 जनवरी : एशियाई बाजारों में तेजी के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त दर्ज की गई. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 202.87 अंक या 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,202.12 अंक पर आ गया. एनएसई निफ्टी भी 64.7 अंक या 0.27 प्रतिशत फिसलकर 23,090.65 अंक पर रहा. हालांकि, बीएसई सेंसेक्स ने जल्द ही नुकसान की भरपाई कर ली और 152.54 अंक या 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,557.53 अंक पर, जबकि निफ्टी 37.10 अंक या 0.16 प्रतिशत चढ़कर 23,192.45 अंक पर कारोबार करने लगा.
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से जोमैटो, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल, इंफोसिस, टाटा मोटर्स, बजाज फिनसर्व और आईटीसी के शेयर लाभ में रहे. हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अदाणी पोर्ट्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर नुकसान में रहे. एशियाई बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहे जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा. यह भी पढ़ें : Stock Market Today: रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे की गिरावट के साथ 86.40 प्रति डॉलर पर
अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे. अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.73 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 4,026.25 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 23, 2025 10:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

