एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स में मामूली लाभ, निफ्टी नये शिखर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को काफी उतार-चढ़ाव रहा और बीएसई सेंसेक्स मामूली 14 अंक के लाभ में रहा। हालांकि, निफ्टी अपने अबतक के उच्चतम स्तर 25,017 अंक पर पहुंच गया।

जरुरी जानकारी | उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स में मामूली लाभ, निफ्टी नये शिखर पर

मुंबई, 27 अगस्त स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को काफी उतार-चढ़ाव रहा और बीएसई सेंसेक्स मामूली 14 अंक के लाभ में रहा। हालांकि, निफ्टी अपने अबतक के उच्चतम स्तर 25,017 अंक पर पहुंच गया।

पश्चिम एशिया और यूक्रेन में तनाव बढ़ने के बीच मुनाफावसूली से बाजार स्थिर रहा।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स में लगातार छठे कारोबारी सत्रों में तेजी रही और यह 13.65 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,711.76 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 81,919.11 अंक तक गया और नीचे में 81,600.51 अंक तक आया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 7.15 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की नाममात्र बढ़त के साथ 25,017.75 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार नौवां सत्र है जब निफ्टी में तेजी रही है।

सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फिनसर्व, मारुति, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रूप लाभ में रहीं।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाइटन, एनटीपीसी और टाटा मोटर्स शामिल हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान तेजी का रुख था। ज्यादातर अमेरिकी बाजार सोमवार को नुकसान में रहे थे।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘‘ बाजार में चुनौतियां और सकारात्मक रुख दोनों हैं। चुनौतियां पश्चिम एशिया और यूक्रेन में बढ़ते तनाव की हैं। ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर 81 डॉलर से ऊपर पहुंच गया है। दूसरी तरफ सकारात्मक रुख अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद को लेकर है। इससे भारतीय रिजर्व बैंक समेत अन्य केंद्रीय बैंकों पर भी सकारात्मक असर होगा।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 483.36 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.84 प्रतिशत घटकर 80.75 डॉलर प्रति बैरल रहा।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 611.90 अंक चढ़ा था जबकि एनएसई निफ्टी में 187.45 अंक की मजबूती रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 27, 2024 04:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).