Sensex Update: सेंसेक्स 575 अंक लुढ़का, निफ्टी भी नुकसान में
घरेलू शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 575 अंक लुढ़क गया. वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले एचडीएफसी लि., एचडीएफसी बैंक, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज में गिरावट के साथ बाजार नीचे आया.
मुंबई, 7 अप्रैल : घरेलू शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 575 अंक लुढ़क गया. वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले एचडीएफसी लि., एचडीएफसी बैंक, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज में गिरावट के साथ बाजार नीचे आया. तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 575.46 अंक यानी 0.97 प्रतिशत टूटकर 59,034.95 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान, यह 633.06 अंक यानी 1.06 प्रतिशत तक लुढ़क गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 168.10 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,639.55 अंक पर बंद हुआ.
सेंसेक्स के तीस शेयरों में से टाइटन, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, विप्रो, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. और पावरग्रिड सर्वाधिक नुकसान में रहे. इसके उलट, एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और डा. रेड्डीज लाभ में रहने वाले शेयरों में शामिल हैं. जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘‘बाजार में हाल की गिरावट का कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व का ब्याज दर को लेकर आक्रमक रुख है.’’ यह भी पढ़ें : Sensex Update: शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 354 अंक टूटा, निफ्टी 17,700 के स्तर पर पहुंचा
एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और जापान का निक्की नुकसान में रहे. अमेरिकी शेयर बाजार में भी बुधवार को गिरावट रही. अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.93 प्रतिशत बढ़कर 102 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. निवेशकों को आरबीआई की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के नतीजे का इंतजार है. मौद्रिक नीति समीक्षा शुक्रवार को जारी की जाएगी. शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 2,279.97 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 07, 2022 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

