जरुरी जानकारी | चुनाव को लेकर अनिश्चितता से सेंसेक्स 1,062 अंक लुढ़का, निफ्टी 22,000 अंक से नीचे फिसला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स ने 1,062 अंक का गोता लगाया जबकि निफ्टी लुढ़क कर 22,000 अंक के स्तर से नीचे आ गया। आम चुनाव को लेकर अनिश्चितता के बीच चौतरफा बिकवाली से बाजार में गिरावट आई है।
मुंबई, नौ मई स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स ने 1,062 अंक का गोता लगाया जबकि निफ्टी लुढ़क कर 22,000 अंक के स्तर से नीचे आ गया। आम चुनाव को लेकर अनिश्चितता के बीच चौतरफा बिकवाली से बाजार में गिरावट आई है।
इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी पूंजी निकासी और एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज में बिकवाली दबाव से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और यह 1,062.22 अंक यानी 1.45 अंक लुढ़क कर 72,404.17 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,132.21 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 345 अंक यानी 1.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21,957.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 370.1 अंक तक लुढ़क गया था।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मुख्य रूप से कंपनियों के चौथी तिमाही के वित्तीय परिणाम और आम चुनाव को लेकर अनिश्चितता को देखते हुए निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया और बाजार से दूरी बनायी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि अल्पकाल में यह रुख बना रहेगा क्योंकि बाजार 22,000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गया है। बैंक ऑफ इंग्लैंड की आज होने वाली नीतिगत बैठक तथा अमेरिका में अगले सप्ताह जारी होने वाले मुद्रास्फीति के आंकड़े से पहले वैश्विक सूचकांकों में मिला-जुला रुख रहा।’’
सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो मार्च तिमाही के वित्तीय परिणाम के बाद पांच प्रतिशत से अधिक नीचे आया।
इसके अलावा एशियन पेंट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और पावरग्रिड में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।
दूसरी तरफ टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, इन्फोसिस और एचसीएल टेक लाभ में रहे।
छोटी कंपनियों के शेयरों का सूचकांक बीएसई स्मॉलकैप 2.41 प्रतिशत तथा मिडकैप 2.01 प्रतिशत के नुकसान में रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 6,669.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ‘‘संस्थागत निवेशकों की बिकवाली और चुनाव आगे बढ़ने के साथ असमंजस की स्थिति के कारण कारोबारियों के दूर रहने से निफ्टी में तेज गिरावट आई...।’’
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट में भी बुधवार को मिला-जुला रुख रहा था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.48 प्रतिशत चढ़कर 83.89 डॉलर प्रति बैरल रहा।
सेंसेक्स बुधवार को 45.46 अंक नुकसान में रहा था जबकि निफ्टी 22,302.50 अंक पर स्थिर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2024 06:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

