देश की खबरें | सुरक्षाबलों ने जम्मू कश्मीर में तीन सुरक्षाकर्मियों की शहादत के बाद दो आतंकवादियों को ढेर किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी और सीआरपीएफ के दो जवानों के शहीद होने के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों का पीछा किया और मुठभेड़ में उनमें से दो को मार गिराया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

श्रीनगर, 17 अगस्त जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी और सीआरपीएफ के दो जवानों के शहीद होने के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों का पीछा किया और मुठभेड़ में उनमें से दो को मार गिराया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के करीरी इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। इन आतंकवादियों के लश्कर ए तैयबा से संबद्ध होने का संदेह है।

यह भी पढ़े | Rain in Delhi: राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद कई जगहों पर जलजमाव तो कहीं नजर आई लंबी ट्रैफिक.

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों की ‘नाका’ पार्टी पर हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दो और जम्मू कश्मीर पुलिस के एक विशेष पुलिस अधिकारी के शहीद होने के कुछ घंटे बाद यह मुठभेड़ शुरू हुई।

अधिकारी ने बताया कि हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान हमलावरों से आमना-सामना हो गया और उनमें से दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया।

यह भी पढ़े | Pandit Jasraj Passes Away: प्रसिद्ध शास्‍त्रीय गायक पंडित जसराज ने 90 साल की उम्र में ली आखिरी सांस, अमेरिका में हुआ निधन.

उन्होंने कहा कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था।

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों पर तीन आतंकवादियों ने हमला किया जिनके लश्कर ए तैयबा से संबद्ध होने का संदेह है।

कुमार ने हमले वाली जगह संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन आतंकवादी थे जो पास के घने बगीचे से आए और उन्होंने ‘नाके’ पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी जिसमें हमारे तीन जवान-सीआरपीएफ से दो और जम्मू कश्मीर पुलिस से एक-शहीद हो गए। ऐसा प्रतीत होता है कि हमले को लश्कर ए तैयबा ने अंजाम दिया। हम जल्द ही उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और तलाश अभियान जारी है। हमें उम्मीद है कि हम उन्हें जल्द ही मार गिराएंगे।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या आतंकवादियों ने अपनी रणनीति बदल ली है और अब वे सुरक्षाबलों पर हमले कर घटनास्थल से भाग जाते हैं, पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि यह चिंता का विषय है, लेकिन सुरक्षाबल जल्द ही समस्या का समाधान निकाल लेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘यह चिंता का विषय है। ‘नाकों’ पर सुरक्षाकर्मियों की संख्या कम होती है, खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में जहां आतंकवादी आम लोगों के साथ आकर खुद को छिपा लेते हैं और फिर सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी करते हैं। कई बार हमें नुकसान हुआ है और वे भागने में सफल रहे हैं, लेकिन हम जल्द ही इस तरीके का इलाज ढूंढ़ लेंगे और इस समस्या को खत्म कर देंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\