देश की खबरें | गंगा में बहे मुंबई के सैलानियों की तलाश जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के मुनि की रेती क्षेत्र में उफनाई गंगा नदी में बहे मुंबई के बोरिवली क्षेत्र के तीन युवा सैलानियों का तलाशी अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा।
देहरादून, पांच अगस्त उत्तराखंड के मुनि की रेती क्षेत्र में उफनाई गंगा नदी में बहे मुंबई के बोरिवली क्षेत्र के तीन युवा सैलानियों का तलाशी अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा।
हालांकि, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और जल पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद भी बुधवार को गंगा नदी में बहीं दो युवतियों और एक युवक का अब तक कोई पता नहीं चला है।
टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र के पुलिस थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मानसून के कारण गंगा नदी का बहाव बहुत तेज है, इसलिए सैलानियों की तलाश में बहुत मुश्किल आ रही है। उन्होंने बताया कि नदी के किनारे—किनारे राफ्ट की मदद से उन्हें ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है और उनके मिलने तक तलाशी अभियान जारी रखा जाएगा।
भंडारी ने बताया कि बहे सैलानियों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। सभी सैलानियों की उम्र 21—22 वर्ष है।
ऋषिकेश के निकट टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में स्थित एक होटल में ठहरा तीन युवकों और दो युवतियों का एक समूह गंगा नदी में नहाने गया था, उसी दौरान यह हादसा हुआ। नहाने के दौरान एक युवती बहने लगी जिसे बचाने के लिए एक युवती और एक युवक आगे बढे लेकिन गंगा के तेज बहाव में तीनों ही बह गए।
होटल मालिक से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इनकी तलाश शुरू की। नदी में बहे लोगों के नाम मेलराय डांटे, मधुश्री खुरसांगे और अपूर्वा केलकर हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 05, 2021 04:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

