विदेश की खबरें | अटलांटिक महासागर में लापता हुए ‘सबमर्सिबल’ की तलाश जारी, टाइटैनिक के मलबे वाली जगह जा रहा था
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कार्बन-फाइबर ‘सबमर्सिबल’ का नाम ‘टाइटन’ है, जो ‘ओशनगेट एक्सपेडिशंस’ के एक अभियान का हिस्सा है। इस पर इसके चालक के अलावा, ब्रिटेन के एक प्रसिद्ध साहसी, एक पाकिस्तानी उद्योग घराने के दो सदस्य और एक अन्य यात्री सवार है।

हालांकि, समय गुजरने के साथ ही टाइटन के चालक दल के लिए जोखिम भी बढ़ रहा है। ओशनगेट के सलाहकार डेविड कॉनकैनन के अनुसार, रविवार को सुबह 6 बजे जब यह सबमर्सिबल समुद्र में छोड़ा गया तो इसमें 96 घंटे ऑक्सीजन की आपूर्ति थी।

टाइटन की खोज करने के अभियान में अमेरिका का कोस्ट गार्ड भी शामिल है। इसके एक कमांडर रियर एडमिरल जॉन माउगर ने कहा, ‘‘यह एक दूरस्थ क्षेत्र है और उसमें खोज करना एक चुनौती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि हम यह सुनिश्चित करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों को लगा रहे हैं कि हम लापता ‘सबमर्सिबल’ का पता लगा सकें और उसमें सवार लोगों को बचा सकें।’’

टाइटन का सहयोग कर रहा एक कनाडाई अनुसंधान ‘आइसब्रेकर’ पोलर प्रिंस का सम्पर्क ‘टाइटन’ के पानी में नीचे उतरने के लगभग एक घंटे 45 मिनट बाद टूट गया।

अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने ट्विटर पर कहा, पोलर प्रिंस को रातभर सतह पर खोज जारी रखनी थी और एक कनाडाई बोइंग पी -8 पोसीडॉन टोही विमान सुबह सतह और उपसतह खोज फिर से शुरू करेगा।

दो यूएस लॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस विमानों ने भी उड़ानों का संचालन किया है।

‘एसोसिएटेड प्रेस’ द्वारा मरीनट्रैफिकडॉटकॉम के शिप-ट्रैकिंग उपग्रह डेटा के विश्लेषण से पता चला कि पोलर प्रिंस मंगलवार सुबह सेंट जॉन्स से लगभग 690 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था।

टाइटैनिक के मलबे वाली जगह पर ओशनगेट के अभियानों में पुरातत्वविद और समुद्री जीवविज्ञानी शामिल हैं।

तटरक्षक बल ने सोमवार को कहा कि टाइटन पर एक पायलट और चार 'मिशन विशेषज्ञ' सवार थे।

वहीं लंदन से प्राप्त एक खबर के अनुसार नामीबिया से आठ चीतों को भारत लाने में भारत सरकार के साथ सहयोग करने वाले ब्रिटिश व्यवसायी हामिश हार्डिंग उन पांच व्यक्तियों में शामिल हैं, जो अटलांटिक महासागर में उस लापता पर्यटक समर्सिबल पर सवार थे जो टाइटैनिक का मलबा देखने के अभियान पर था और लापता हो गया है।

‘बीबीसी’ ने मंगलवार को बताया कि ब्रिटिश-पाकिस्तानी अरबपति कारोबारी शहजादा दाऊद और उसका बेटा सुलेमान भी इस समर्सिबल में सवार थे।

टाइटैनिक के मलबे को देखने के लिए प्रति व्यक्ति 250,000 अमरीकी डालर में आठ दिवसीय अभियान की पेशकश करने वाली कंपनी ‘ओशनगेट एक्पीडिशंस’ ने इसकी पुष्टि की कि सबमर्सिबल टाइटन चालक दल के सदस्यों के साथ समुद्र में गुम हो गया।

माना जा रहा है कि कंपनी के मुख्य कार्यकारी स्टॉकटन रश भी सबमर्सिबल पर सवार थे।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि वह "चालक दल को सुरक्षित वापस लाने के लिए सभी विकल्प तलाश रही है और उनका इस्तेमाल कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)