देश की खबरें | मैहर में सिंधिया की ‘प्रतिष्ठा’ दांव पर ; भाजपा के बागी ने मुकाबले को बनाया त्रिकोणीय

मैहर, 16 नवंबर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से इतर मध्य प्रदेश के विंध्य इलाके में भी विधानसभा की एक सीट ऐसी है जहां केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है और यह है नवगठित मैहर जिले की मैहर विधानसभा। आम तौर पर यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही होता आया है लेकिन इस बार सत्ताधारी दल के ही एक बागी ने अपनी पार्टी बनाकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

हाल ही में सतना से अलग कर मैहर को नया जिला घोषित किया गया था। भाजपा और कांग्रेस में जहां इसका श्रेय लेने की होड़ मची है वहीं पृथक विंध्य प्रदेश की मांग को लेकर मौजूदा भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने ‘विंध्य जनता पार्टी’ (विजेपी) का गठन कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

इस सीट से इस बार भाजपा ने त्रिपाठी का टिकट काटकर सिंधिया के करीबी श्रीकांत चतुर्वेदी को टिकट दे दिया। चतुर्वेदी ने पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था लेकिन तब वह त्रिपाठी के हाथों करीब तीन हजार मतों के अंतर से हार गए थे।

सिंधिया जब कांग्रेस से बगावत कर कमल नाथ के नेतृत्व वाली सरकार गिराकर भाजपा के पाले में चल दिए थे तो मैहर के श्रीकांत चतुर्वेदी भी उनके साथ हो लिए थे।

स्थानीय लोगों का कहना था कि सिंधिया के कारण ही भाजपा ने चतुर्वेदी को मैहर से उम्मीदवार बनाया है, लिहाजा यहां उनकी ‘प्रतिष्ठा’ भी दांव पर है।

ब्राह्मण व कुर्मी मतदाताओं के बाहुल्य वाली इस सीट पर कांग्रेस ने पंजाबी समुदाय से आने वाले मैहर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धर्मेश घई पर दांव चला है। मैहर में पंजाबी बहुत कम हैं लेकिन घई का व्यापारी वर्ग में अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है।

इस विधानसभा क्षेत्र में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के मतदाताओं की अच्छी खासी तादाद है जो किसी भी राजनीतिक दल का समीकरण बना और बिगाड़ सकते हैं।

मैहर-अमरपाटन मार्ग पर ढाबा चलाने वाले अशोक कुमार दुबे ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि मैहर से जनता दल (अविभाजित) और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार भी एक-एक बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं लेकिन अधिकांश मौकों पर मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)