संवत 2078 की बेहतर शुरुआत, सेंसेक्स और निफ्टी में देखी गई तेजी
हिंदू संवत वर्ष 2078 की शुरुआत के मौके पर निवेशकों ने विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र के दौरान ताजा सौदों की लिवाली की, जिससे बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स सूचकांक पर्याप्त लाभ के साथ बंद हुआ,
मुंबई: नवंबर हिंदू संवत वर्ष 2078 की शुरुआत के मौके पर निवेशकों ने विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र के दौरान ताजा सौदों की लिवाली की, जिससे बंबई शेयर बाजार (BSE) का सेंसेक्स सूचकांक पर्याप्त लाभ के साथ बंद हुआ. बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक में पिछले दो सत्रों से जारी गिरावट का रुख पलट गया और यह 295.70 अंक या 0.49 प्रतिशत की तेजी दर्शाता 60,067.62 पर बंद हुआ. इसी तरह, व्यापक शेयर आधार वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचकांक 87.60 अंक बढ़कर 17,916.80 पर बंद हुआ.
इस विशेष मुहूर्त कारोबार के दौरान प्रमुख रूप से लाभ में रहने वाले शेयरों में एमएंडएम, आईटीसी, बजाज ऑटो, एलएंडटी, कोटक बैंक, सन फार्मा और नेस्ले इंडिया शामिल थे, जिनके शेयरों में 2.87 प्रतिशत तक की तेजी आई. इसके विपरीत, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और डॉ रेड्डीज के शेयरों में 0.43 प्रतिशत तक की गिरावट आई. यह भी पढ़े: Sensex Nifty: शेयर मार्केट में बड़ा उछाल, 41893 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा सेंसेक्स, निफ्टी में भी तेजी
बाजार सूत्रों ने कहा कि संवत 2078 के पहले सत्र में निवेशकों ने अपने नये खातों को खोला, जिससे खरीदारी की गतिविधियों में तेजी आई.उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती से त्योहार की खुशी और बढ़ गई है।फेडरल रिजर्व द्वारा नवंबर से प्रति माह 15 अरब डॉलर की परिसंपत्ति खरीद में कटौती करने की घोषणा के बाद भी वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली.
धातु को छोड़कर, बीएसई के सभी सेक्टर सूचकांक लाभ के साथ बंद हुए, जिसमें ऑटो, उपभोक्ता टिकाऊ सामान, पूंजीगत सामान और एफएमसीजी प्रमुख हैं. पारंपरिक हिंदू कैलेंडर वर्ष, जिसे 'विक्रम संवत' कहा जाता है, की शुरुआत करते हुए घरेलू बाजारों में हर साल दिवाली पर एक घंटे का मुहूर्त कारोबार सत्र आयोजित किया जाता है.
पिछले संवत 2077 में बीएसई सेंसेक्स में 16,133.94 अंक या 36.97 प्रतिशत की तेजी हुई, जबकि निफ्टी 5,048.95 अंक या 39.50 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुआ. 'दिवाली बालीप्रतिपदा' के मौके पर शुक्रवार (पांच नवंबर) को बीएसई और एनएसई बंद रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 04, 2021 08:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

