संघीय सुरक्षा सेवा ने कहा कि उसकी जांच से पता चला है कि बगावत में शामिल लोगों ने “अपराध को अंजाम देने के इरादे से की जाने वाली गतिविधियां बंद कर दी हैं”, इसलिए मामले को आगे नहीं चलाया जाएगा।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रीगोझिन द्वारा सशस्त्र विद्रोह के ऐलान के बाद उन्हें और उनकी निजी सेना के लड़ाकों को देशद्रोही करार दिया था। हालांकि, पिछले सप्ताहांत ‘वैग्नर’ प्रमुख के मॉस्को कूच की योजना को वापस लेने के बाद क्रेमलिन (रूस के राष्ट्रपति कार्यालय) ने प्रीगोझिन और उनके लड़ाकों के खिलाफ कोई अभियोग नहीं चलाने का फैसला किया था।
रूस में सशस्त्र विद्रोह करने के आरोप में 20 साल तक की जेल की सजा देने का प्रावधान है। हालांकि, प्रीगोझिन का अभियोग से बचना दुर्लभ है, क्योंकि क्रेमलिन बागियों और सरकार-विरोधी प्रदर्शनों में शामिल लोगों से बहुत सख्ती से निपटने के लिए जाना जाता है।
प्रीगोझिन के मौजूदा ठिकाने को लेकर तस्वीर मंगलवार को भी साफ नहीं हो सकी। क्रेमलिन ने कहा है कि प्रीगोझिन को पड़ोसी देश बेलारूस में निर्वासन में भेजा जाएगा, लेकिन न तो ‘वैग्नर’ प्रमुख और न ही बेलारूस के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
बेलारूस की एक स्वतंत्र सैन्य निगरानी परियोजना ‘बेलारुस्की हाजुन’ ने कहा कि प्रीगोझिन द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल किया जाने वाला एक जेट विमान मंगलवार सुबह राजधानी मिंस्क के पास उतरा।
प्रीगोझिन की मीडिया टीम ने इस बारे में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
प्रीगोझिन के साथ विद्रोह खत्म करने के लिए समझौते की मध्यस्थता करने वाले पुतिन के करीबी सहयोगी एवं बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने मंगलवार को अपने भाषण में प्रीगोझिन को लेकर अपने निर्णय पर तत्काल कुछ नहीं कहा।
राष्ट्रपति पुतिन ने सोमवार रात राष्ट्र के नाम अपने टेलीविजन संदेश में एक बार फिर विद्रोह को अंजाम देने वालों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और कहा कि वे यूक्रेन की सरकार और उसके सहयोगियों की कठपुतली बन गये हैं। पुतिन ने प्रीगोझिन की आलोचना की, लेकिन वैग्नर कमांडरों के काम की तारीफ की।
पुतिन ने अपने भाषण में यह दर्शाने का प्रयास किया कि देश में स्थिरता है। उन्होंने प्रीगोझिन का नाम भी नहीं लिया। उन्होंने संकट के समय रूसी एकजुटता की भी तारीफ की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY