नयी दिल्ली, 28 मार्च सरकार ने शुक्रवार को संसद में बताया कि रूसी सशस्त्र बलों में अब भी 18 भारतीय हैं, जिनमें से 16 के बारे में रूस ने ‘‘लापता होने की सूचना’’ दी है।
विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
सरकार से यह पूछा गया था कि क्या उसके पास रूसी सेना में सेवारत कुल भारतीयों की संख्या के बारे में जानकारी है, और यदि है, तो उनकी पहचान की तारीख सहित उसका ब्योरा क्या है।
विदेश मंत्रालय से यह भी पूछा गया था कि क्या सरकार के पास उन भारतीय नागरिकों के भारत वापस लौटने की तारीखों का डेटा है, जिन्हें अब कार्यमुक्त कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रूसी सशस्त्र बलों में 127 भारतीय नागरिक थे, जिनमें से 97 की सेवाएं समाप्त कर दी गईं, जो इस मामले पर भारतीय और रूसी सरकारों के बीच उच्चतम स्तर सहित निरंतर संपर्क के परिणामस्वरूप हुआ।’’
सिंह ने कहा, ‘‘उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 18 भारतीय नागरिक रूसी सशस्त्र बलों में अब भी हैं, जिनमें से 16 के लापता होने की सूचना रूस द्वारा दी गई है।’’
सरकार ने कहा कि संबंधित रूसी अधिकारियों से ऐसे व्यक्तियों के बारे में अद्यतन जानकारी देने तथा उनकी सुरक्षा, कल्याण और शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY