विदेश की खबरें | पाकिस्तान के साथ संबंधों को बढ़ाने का इच्छुक है रूस: विदेश मंत्री लावरोव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि उनका देश पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने का इच्छुक है। रूस से रियायती दरों पर तेल की पहली खेप लेकर एक पोत कराची बंदरगाह पहुंचा है और इसी बीच विदेश मंत्री का यह बयान आया है।
इस्लमाबाद, 13 जून रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि उनका देश पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने का इच्छुक है। रूस से रियायती दरों पर तेल की पहली खेप लेकर एक पोत कराची बंदरगाह पहुंचा है और इसी बीच विदेश मंत्री का यह बयान आया है।
समाचार पत्र ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने अपनी एक खबर में कहा कि लावरोव का यह बयान दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आया है।
लावरोव ने कहा कि रूस पाकिस्तान को ‘‘ सीमा पार अपराध तथा आतंकवाद सहित साझा सुरक्षा चुनौतियों तथा खतरों से निपटने के संयुक्त प्रयासों में अहम अंतरराष्ट्रीय साझेदार मानता है। ’’
पाकिस्तान ने सोमवार को बहुप्रतीक्षित रियायती रूसी कच्चे तेल को देश के बंदरगाह शहर में एक तेल शोधक कारखाने में पहुंचाना शुरू कर दिया। इस कदम से आसमान छूती मंहगाई से प्रभावित लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
इस्लामाबाद और मास्को के बीच अप्रैल में एक समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे और उसके बाद रियायती रूसी कच्चे तेल की पहली खेप रविवार को कराची पहुंची।
रूस के विदेश मंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘रूस और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति पाकिस्तान के लोगों की जो दिलचस्पी और सम्मान है हम उससे वाकिफ हैं। हम इसकी सराहना करते हैं। ’’
उन्होंने कहा कि रूस पाकिस्तान के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए सदा ही इच्छुक रहा है और किसी भी परिस्थिति में उसने इस प्रतिबद्धता को त्यागा नहीं है।
अपने संदेश की समाप्ति उन्होंने ‘‘पाकिस्तान-रूसी दोस्ती जिंदाबाद’’ के नारे से की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)