जरुरी जानकारी | रुपया 10 पैसे मजबूत होकर 83.47 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजार में मजबूती और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता के कारण सोमवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के खिलाफ 10 पैसे की मजबूती के साथ 83.47 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
मुंबई, 24 जून घरेलू शेयर बाजार में मजबूती और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता के कारण सोमवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के खिलाफ 10 पैसे की मजबूती के साथ 83.47 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि दुनिया की प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने से भी रुपये को मदद मिली। हालांकि, कमजोर एशियाई बाजार और पश्चिम एशिया में ताजा भू-राजनीतिक तनाव ने उसकी बढ़त को कम कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.52 के भाव पर खुला और कारोबार के दौरान 83.44 के दिन के उच्चतम स्तर को छू गया। कारोबार के अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 10 पैसे चढ़कर 83.47 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
पिछले कारोबारी दिवस शुक्रवार को रुपया 83.63 प्रति डॉलर के निम्नतम स्तर को छूने के बाद 83.57 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि घरेलू बाजारों में मजबूती और ताजा विदेशी निवेश की उम्मीदों से रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, ब्याज दर में कटौती में देरी और लाल सागर क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के बीच सुरक्षित निवेश के तौर पर अमेरिकी डॉलर की मांग आने से रुपये की तेज उछाल पर रोक लग सकती है।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत घटकर 105.57 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.36 प्रतिशत बढ़कर 85.55 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 131.18 अंकों की बढ़त के साथ 77,341.08 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 653.97 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2024 08:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

