एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया दो पैसे की तेजी के साथ 85.38 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में रुपये में एक सीमित दायरे में घट-बढ़ हुई और कारोबार के अंत में यह महज दो पैसे की तेजी के साथ 85.38 पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया दो पैसे की तेजी के साथ 85.38 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 28 मई कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में रुपये में एक सीमित दायरे में घट-बढ़ हुई और कारोबार के अंत में यह महज दो पैसे की तेजी के साथ 85.38 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कमजोर घरेलू बाजारों और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण रुपया कमजोर रुख के साथ खुला। हालांकि, सत्र के उत्तरार्ध में अमेरिकी डॉलर सूचकांक में नरमी के कारण यह निचले स्तर से संभल गया।

उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थितियों में सुधार और विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने के कारण रुपये का परिदृश्य अनुकूल बना हुआ है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 85.59 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 85.33 के ऊंचे और 85.72 के निचले स्तर के बीच घूमता रहा। अंत में रुपया 85.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे का सुधार है।

पिछले सत्र में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 30 पैसे टूटकर 85.40 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘बुधवार को भारतीय रुपया सपाट रुख के साथ कारोबार कर रहा था। कमजोर घरेलू बाजारों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपया कमजोर रुख के साथ खुला। हालांकि, सत्र के उत्तरार्ध में अमेरिकी डॉलर सूचकांक में नरमी के कारण यह निचले स्तर से उबर गया।’’

चौधरी ने आगे कहा, ‘‘आयातकों की ओर से मासांत की डॉलर मांग रुपये पर दबाव डाल सकती है। हालांकि, डॉलर में कमजोरी रुपये को सहारा दे सकती है। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 85.10 से 85.70 के बीच कारोबार करने की उम्मीद है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.16 प्रतिशत बढ़कर 99.68 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.39 प्रतिशत बढ़कर 64.98 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 239.31 अंक घटकर 81,312.32 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 73.75 अंक के नुकसान के साथ 24,752.45 अंक पर आ गया।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध आधार पर 4,662.92 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2025 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).