एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया दो पैसे बढ़कर 85.66 प्रति डॉलर पर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे मजबूत होकर 85.66 पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी तथा विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने से रुपये में यह तेजी आई।

जरुरी जानकारी | रुपया दो पैसे बढ़कर 85.66 प्रति डॉलर पर बंद

मुंबई, नौ जून अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे मजबूत होकर 85.66 पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी तथा विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने से रुपये में यह तेजी आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमत के कारण रुपये का लाभ सीमित रहा।

उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती से रुपये को लाभ हुआ, लेकिन ब्याज दरों में आक्रामक कटौती से वैश्विक प्रतिस्पर्धियों के साथ ब्याज दरों का अंतर कम हो गया है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख और डॉलर में कमजोरी के कारण रुपये में सकारात्मक रुख रहा। अमेरिका और चीन के बीच वार्ता को लेकर आशावाद के कारण वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की प्रवृत्ति बढ़ी। हालांकि, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने तेज बढ़त को सीमित कर दिया।’’

अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। रुपया 85.61 पर खुला और कारोबार के दौरान 85.45 के उच्चस्तर तथा 85.72 के निचले स्तर तक गया।

बाद में रुपये का शुरुआती लाभ लुप्त हो गया तथा कारोबार के अंत में यह पिछले बंद भाव से दो पैसे की बढ़त के साथ 85.66 पर बंद हुआ।

शुक्रवार को रुपया 11 पैसे चढ़कर 85.68 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था।

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर बीएसई सेंसेक्स 256.22 अंक बढ़कर 82,445.21 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 100.15 अंक बढ़कर 25,103.20 अंक पर बंद हुआ।

इस बीच, विश्व की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.35 प्रतिशत घटकर 98.84 रह गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.24 प्रतिशत बढ़कर 66.63 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध आधार पर 1,992.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2025 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).