जरुरी जानकारी | रुपया 23 पैसे टूटकर पांच माह के निचले स्तर 86.78 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले के बाद डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे टूटकर पांच महीने के निचले स्तर 86.78 पर बंद हुआ।
मुंबई, 23 जून ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले के बाद डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे टूटकर पांच महीने के निचले स्तर 86.78 पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में नीरस कारोबार और विदेशी पूंजी की निकासी से रुपये पर दबाव और बढ़ गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 86.75 पर खुला। इसके बाद 87.67-86.85 के दायरे में कारोबार करते हुए अंत में पांच महीने के निचले स्तर 86.78 पर बंद हुआ। इस तरह रुपये में शुक्रवार के बंद भाव 86.55 के मुकाबले 23 पैसे की गिरावट आई। रुपया 13 जनवरी को डॉलर के मुकाबले 86.70 पर बंद हुआ था।
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण रुपया 86.85 पर आ गया। हालांकि, बाद में कच्चे तेल कीमतों में गिरावट हुई, जिससे आयातकों को अपने निकट अवधि के आयात के लिए डॉलर खरीदने का मौका मिला।''
उन्होंने कहा, ‘‘रुपया 86.67 तक पहुंच गया, लेकिन तेल की मांग काफी अधिक होने के कारण यह और अधिक नहीं बढ़ सका।’’
उन्होंने कहा, ‘‘रुपया वापस 85.82 पर पहुंच गया, जहां रिजर्व बैंक बिकवाल था और उसने रुपये की चाल को आज के निम्नतम स्तर से और नीचे जाने से रोके रखा।’’
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी के अनुसार, कमजोर घरेलू बाजारों और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण रुपये में गिरावट आई। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और विदेशी निवेशकों की ओर से बिकवाली के दबाव ने भी रुपये पर दबाव डाला। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश की मांग के बीच अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ।
चौधरी ने कहा, ‘‘व्यापारी पीएमआई और अमेरिका से मौजूदा घरेलू बिक्री के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत 86.40 रुपये से 87 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है।’’
वायदा कारोबार में वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.08 प्रतिशत बढ़कर 77.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.60 प्रतिशत बढ़कर 99.29 पर था।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 511.38 अंक की गिरावट के साथ 81,896.79 अंक पर आ गया। वहीं निफ्टी 140.50 अंक टूटकर 24,971.90 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,874.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2025 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

