एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.14 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिका मुद्रा के मुकाबले रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.14 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और आयातकों की डॉलर मांग के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.14 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 29 जनवरी अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिका मुद्रा के मुकाबले रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.14 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और आयातकों की डॉलर मांग के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि रुपये में एक सीमित दायरे में कारोबार हुआ। घरेलू शेयर बाजार के सकारात्मक रुख के असर को विदेशी कोषों की सतत निकासी ने बेअसर कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.14 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 83.13 के उच्चस्तर और 83.15 प्रति डॉलर के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.14 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

सीमित दायरे वाले कारोबार के दौरान रुपया बृहस्पतिवार को 83.11 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर बंद रहा था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच रुपये में एक सीमित दायरे में कारोबार हुआ क्योंकि इस सप्ताह के अंत में फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले जोखिम की भावना में सुधार हुआ। भूराजनीतिक अनिश्चितता और ब्याज दर में कटौती पर फेडरल रिजर्व का रुख विदेशी मुद्रा बाजारों की दिशा तय करेगा।’’

इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 103.55 हो गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.21 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,240.90 अंक की तेजी के साथ 71,941.57 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 2,144.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 29, 2024 07:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).