जरुरी जानकारी | रुपया चार पैसे की गिरावट के साथ 82.88 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे की गिरावट के साथ 82.88 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, 15 मार्च अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे की गिरावट के साथ 82.88 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी निधियों की धन निकासी और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के कारण रुपये में गिरावट आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशों में डॉलर के मजबूत होने तथा कच्चे तेल मूल्य में तेजी के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.95 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान इसने 82.96 प्रति डॉलर के निचले स्तर और 82.85 प्रति डॉलर के ऊपरी स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे की गिरावट के साथ 82.88 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
बृहस्पतिवार को रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 82.84 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.31 रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.99 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
बीएनपी परिबा बाय शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि जून में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याजदर में कटौती की संभावनाएं कम होने के बीच मजबूत डॉलर और कमजोर वैश्विक बाजारों के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक दायरे में कारोबार करेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि उच्च स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में कुछ नरमी आने से रुपये को समर्थन मिल सकता है। रिजर्व बैंक द्वारा डॉलर की किसी भी बिक्री से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिल सकता है।’’
बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 453.85 अंक की गिरावट के साथ 72,643.43 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 1,356.29 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 15, 2024 05:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

