जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.46 रुपये प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और मजबूत अमेरिकी मुद्रा के बीच बृहस्पतिवार को रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सीमित दायरे में कारोबार किया। अंत में रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.46 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, दो मई वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और मजबूत अमेरिकी मुद्रा के बीच बृहस्पतिवार को रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सीमित दायरे में कारोबार किया। अंत में रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.46 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों के सकारात्मक रुख ने रुपये को भारी गिरावट से बचाया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.41 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 83.49 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर आया। अंत में यह 83.46 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की गिरावट को दर्शाता है।
रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.43 पर बंद हुआ था। ‘महाराष्ट्र दिवस’ के अवसर पर बुधवार को मुद्रा बाजार बंद था।
बुधवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बाजार की उम्मीदों के अनुरूप मानक ब्याज दरों पर यथास्थिति बनाए रखने का फैसला किया।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि भारत के निराशाजनक पीएमआई आंकड़ों के कारण रुपये में गिरावट आई।
इस बीच, भारत का विनिर्माण पीएमआई अप्रैल, 2024 में पिछले महीने के 59.1 से घटकर 58.8 रह गया।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.67 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.91 प्रतिशत चढ़कर 84.20 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 128.33 अंक की तेजी के साथ 74,611.11 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बुधवार को 964.47 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2024 08:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

