जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे टूटकर अब तक सबसे निचले स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया लगभग 20 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ 78.13 (अस्थायी) प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक लुढ़क गया। घरेलू शेयर बाजार के कमजोर होने तथा विदेशों में डॉलर के मजबूत होने से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई जो गिरावट का मुख्य कारण था।
मुंबई, 13 जून विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया लगभग 20 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ 78.13 (अस्थायी) प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक लुढ़क गया। घरेलू शेयर बाजार के कमजोर होने तथा विदेशों में डॉलर के मजबूत होने से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई जो गिरावट का मुख्य कारण था।
बाजार सूत्रों ने कहा कि एशियाई मुद्राओं के कमजोर होने तथा विदेशी पूंजी की बाजार से सतत निकासी से भी रुपया प्रभावित हुआ।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 78.20 पर खुला। दिन के कारोबार में यह 78.02 के उच्च स्तर और नीचे में 78.29 तक गया। कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव 77.93 रुपये के मुकाबले 20 पैसे की गिरावट के साथ 78.13 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो अबतक का रिकॉर्ड सबसे निचला स्तर है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, ‘‘अन्य मुद्राओं में गिरावट के साथ भारतीय रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। शुक्रवार अमेरिका में मुद्रास्फीति रिकार्ड चार दशक के उच्च स्तर पर पहुंचने के साथ बुधवार को फेडरल रिजर्व द्वारा आक्रामक तरीके से ब्याज दर वृद्धि की अटकल है। इसके साथ अमेरिकी ट्रेजरी आय के बढ़ने से डॉलर और मजबूत हुआ।’’
परमार ने आगे कहा कि शुक्रवार के अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों के आने के बाद, मुद्रा बाजार उम्मीद कर रहा है कि फेडरल रिजर्व आक्रमक तरीके से नीतिगत दर बढ़ाएगा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,456.74 अंक की गिरावट के साथ 52,846.70 अंक पर बंद हुआ।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर की स्थिति को बताने वाला डॉलर सूचकांक 0.55 प्रतिशत बढ़कर 104.71 हो गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा का दाम 1.58 प्रतिशत घटकर 120.08 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,973.95 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 13, 2022 06:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

