Dollar Price: रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 83.34 प्रति डॉलर पर
विदेशी कोषों की सतत निकासी और स्थानीय बाजार के कमजोर रुख के बीच बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे फिसलकर 83.34 (अस्थायी) पर बंद हुआ.
मुंबई, 23 नवंबर: विदेशी कोषों की सतत निकासी और स्थानीय बाजार के कमजोर रुख के बीच बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे फिसलकर 83.34 (अस्थायी) पर बंद हुआ. विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट और अमेरिकी डॉलर के प्रमुख वैश्विक प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले कमजोर होने से रुपये की गिरावट सीमित रही.
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 83.30 पर खुला. इसके बाद उसने 83.29 से 83.36 प्रति डॉलर के बीच कारोबार किया. अंत में यह 83.34 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की गिरावट है. रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 83.32 पर बंद हुआ था. इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.60 पर रहा.
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80.77 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 306.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 23, 2023 05:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

