जरुरी जानकारी | रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 82.16 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले सात पैसे की गिरावट के साथ 82.16 (अस्थायी) प्रति डॉलर रह गया। विदेशों में डॉलर के मजबूत होने से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।
मुंबई, 12 मई अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले सात पैसे की गिरावट के साथ 82.16 (अस्थायी) प्रति डॉलर रह गया। विदेशों में डॉलर के मजबूत होने से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि हालांकि, घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख और विदेशी निवेश बढ़ने से रुपये की गिरावट पर कुछ अंकुश लगा।
सूत्रों ने कहा कि घरेलू मोर्चे पर मुद्रास्फीति के आंकड़ों के इंतजार में निवेशकों ने सतर्क रुख के साथ कारोबार किया। महंगाई का आंकड़ा शुक्रवार को जारी किया जायेगा। दूसरी ओर अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों में गिरावट की वजह से अमेरिकी डॉलर को समर्थन मिला। इससे वैश्विक बाजारों में एक सकारात्मक संदेश गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.11 प्रति डॉलर के भाव पर कमजोर खुला और कारोबार के अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की गिरावट के साथ 82.16 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपया 82.09 के उच्च स्तर तक गया और 82.23 के निचले स्तर तक आया।
पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.09 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत बढ़कर 101.90 हो गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 123.38 अंक की तेजी के साथ 62,027.90 अंक पर बंद हुआ।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.07 प्रतिशत घटकर 74.93 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को 837.21 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीद की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2023 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

