रुपया 10 पैसे टूटकर 83.14 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे की गिरावट के साथ 83.14 (अस्थायी) प्रति डॉलर के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी मुद्रा में मजबूती से रुपये की धारणा प्रभावित हुई।
नयी दिल्ली, 06 सितंबर: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे की गिरावट के साथ 83.14 (अस्थायी) प्रति डॉलर के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी मुद्रा में मजबूती से रुपये की धारणा प्रभावित हुई. विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि डॉलर के छह महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने से बुधवार को भारतीय रुपये में गिरावट आई. इसके अलावा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का भी रुपये पर असर पड़ा.
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.08 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान यह 83.02 से 83.18 के दायरे में घूमने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव से 10 पैसे टूटकर 83.14 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ. रुपया इससे पहले इसी साल 21 अगस्त को 83.13 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंचा था.
रुपया मंगलवार को डॉलर के मुकाबले 33 पैसे की गिरावट के साथ 83.04 पर बंद हुआ था. इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 104.73 पर आ गया. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89.44 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार कर रहा था. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,725.11 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 06, 2023 04:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

