देश की खबरें | महाराष्ट्र के सातारा में हाफ मैराथॉन के दौरान धावक की मौत

सातारा,18 सितंबर महाराष्ट्र के सातारा में रविवार को हाफ मैराथॉन में एक धावक बेहोश हो कर गिर गया और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना सातारा हिल हाफ मैराथॉन (एसएचएचएम) के दौरान हुई जो गैर लाभकारी संगठन सातारा रनर फाउंडेशन ने आयोजित की थी।

पुलिस और कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि राज पटेल (32)पड़ोसी कोल्हापुर जिले का रहने वाला था और 21 किलोमीटर की दौड़ के समाप्त होने के कुछ मीटर पहले बेहोश हो कर गिर पड़ा।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘ गिरने के बाद मैराथॉन के आयोजक तत्काल पटेल को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रहे हैं।’’

आयोजकों में से एक व्यक्ति ने बताया कि पटेल दक्ष एथलीट था और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बैडमिंटन खिलाड़ी था।

उन्होंने बताया कि एंबुलेंस में चिकित्सकों ने उसकी जान बचाने की कोशिश की। पटेल को एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)