एजेंसी न्यूज

ENG vs IND Test Series 2021: पूर्व कप्तान माइक एथरटन ने बताया Joe Root के सफलता का राज

पूर्व कप्तान माइक एथरटन का मानना है कि इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट को पिछले साल कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान अपनी बल्लेबाजी तकनीक पर काम करने का फायदा मिल रहा है. इस साल 30 वर्षीय रूट टेस्ट क्रिकेट में बेहतरीन फार्म में हैं.

ENG vs IND Test Series 2021: पूर्व कप्तान माइक एथरटन ने बताया Joe Root के सफलता का राज
जो रूट (Photo Credits: ICC)

लंदन, 15 अगस्त: पूर्व कप्तान माइक एथरटन का मानना है कि इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट को पिछले साल कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान अपनी बल्लेबाजी तकनीक पर काम करने का फायदा मिल रहा है. इस साल 30 वर्षीय रूट टेस्ट क्रिकेट में बेहतरीन फार्म में हैं. शनिवार को उन्होंने भारत के खिलाफ लार्ड्स में श्रृंखला का दूसरा शतक जड़ा और 180 रन बनाकर नाबाद रहे जिससे इंग्लैंड ने 27 रन की बढ़त हासिल की. एथरटन ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उसने लॉकडाउन के दौरान अपनी बल्लेबाजी पर कुछ शानदार काम किया है और उसे इसका फायदा मिल रहा है. यह सब तब हुआ जब वह 29 वर्ष का था और उसका कैरियर शानदार चल रहा था.’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन लॉकडाउन ने उसे आराम करने का मौका दिया और इस दौरान उसने कहा था, ‘मेरे करियर का दूसरा हाफ आने वाला है और मैं शानदार खिलाड़ी से सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक बन सकता हूं’.’’ रूट ने इस शतकीय पारी से टेस्ट क्रिकेट में 9000 रन भी पूरे किये. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान से क्रिकेट लेखक बने एथरटन ने कहा, ‘‘उसने बल्लेबाजी विश्लेषक से पिछले पांच वर्षों के उनके आउट होने के तरीके की वीडियो भेजने को कहा और उसने इन्हें बारीकी से देखकर उन कमियों को दूर करने का प्रयास किया. उसे इसका फल भी मिल रहा है.’’

यह भी पढ़ें- यहां पढ़ें क्यों हर विकेट के बाद मुंह पर उंगली रखते हैं मोहम्मद सिराज

उन्होंने कहा, ‘‘उसने अब थोड़ा सा तकनीकी बदलाव किया है और बल्लेबाजी करते हुए वह अपने पीछे वाले पैर को बिलकुल सीधा पीछे रखता है. इससे उसका पगबाधा आउट होने का मौका कम रहता है.’’ एथरटन ने कहा, ‘‘पिछले तीन वर्षों से वह सीम और तेज गेंदबाजी के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर अपनी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी करता है. लेकिन वह अब अपनी स्वर्णिम फार्म में है जो 2021 के शुरू हुई जब इंग्लैंड श्रीलंका गया था.’’

उन्होंने कहा, ‘‘सबसे बेहतरीन चीज है कि वह कप्तानी और उम्मीदों के बोझ से दबा हुआ नहीं महसूस करता. इस पारी को ही देखिये, वह तब बल्लेबाजी करने उतरा था तब भारत ने दो गेंदों पर दो विकेट झटक लिये थे और यह हैट्रिक गेंद थी.’’ एथरटन ने कहा, ‘‘वह जो रूट ‘द बैट्समैन’ है, जो रूट ‘द कैप्टन’ नहीं जो उम्मीदों और दबाव से दबा हुआ हो और वह पूरी आजादी के साथ खेलता है.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 15, 2021 12:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).