देश की खबरें | ‘रॉकेट्री..’ सर्वश्रेष्ठ फिल्म, आलिया व कृति सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, अल्लू अर्जुन सर्वश्रेष्ठ अभिनेता

नयी दिल्ली, 24 अगस्त हिंदी फिल्म ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ ने बृहस्पतिवार को 2021 के लिए सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता जबकि आलिया भट्ट और कृति सैनन ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री तथा अल्लू अर्जुन ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता।

बॉलीवुड कलाकार भट्ट और सैनन ने क्रमश: ‘‘गंगूबाई काठियावाड़ी’’ और ‘‘मिमी’’ में अपनी भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार साझा किया। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को तेलुगु फिल्म ‘पुष्पा: द राइज (पार्ट 1)’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार देने का फैसला किया गया है।

सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मराठी फिल्म ‘गोदावरी’ के लिए निखिल महाजन को दिया गया।

फिल्म निर्माता केतन मेहता ने राष्ट्रीय पुरस्कार, 2021 के लिए 11 सदस्यीय जूरी की अध्यक्षता की।

पंकज त्रिपाठी को ‘मिमी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार और पल्लवी जोशी को ‘द कश्मीर फाइल्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार देने की घोषणा की गयी है।

त्रिपाठी ने यह पुरस्कार अपने पिता को समर्पित किया है जिनका हाल में निधन हो गया।

विवेक रंजन अग्निहोत्री के निर्देशन वाली ‘द कश्मीर फाइल्स’ ने राष्ट्रीय एकीकरण पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार भी जीता।

अग्निहोत्री ने कहा कि वह इस पुरस्कार को आतंकवाद के पीड़ितों खासतौर से कश्मीरी हिंदुओं को समर्पित करते हैं।

‘‘आरआरआर’’ ने छह पुरस्कार जीते हैं।

इस फिल्म के संगीत निर्देशक एम एम कीरावनी ने ‘पुष्पा...’ के संगीत निर्देशक देवी प्रसाद के साथ सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार साझा किया। एसएस राजमौली द्वारा निर्देशित फिल्म ने दर्शकों को भरपूर मनोरंजन प्रदान करने के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म, काला भैरव को सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक, सर्वश्रेष्ठ स्पेशल इफेक्ट्स, सर्वश्रेष्ठ एक्शन निर्देशन और सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार भी जीता।

कमाठीपुरा की ताकतवर और प्रतिष्ठित वेश्या पर संजय लीला भंसाली की भव्य बायोपिक ‘‘गंगूबाई काठियावाड़ी’’ ने पांच पुरुस्कार जीते। आलिया भट्ट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के अलावा भंसाली ने उत्कर्षिनी वशिष्ठ के साथ सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले लेखक और फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार भी जीता। वशिष्ठ तथा प्रकाश कपाड़िया ने इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ संवाद लेखक और प्रीतिशील सिंह डिसूजा ने सर्वश्रेष्ठ मेकअप कलाकार का पुरस्कार भी जीता।

भंसाली ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘मैं उन सभी लोगों के लिए खुश हूं जिन्होंने पुरस्कार जीते हैं...अच्छे सिनेमा को पहचान मिलती है और सरकार तथा राष्ट्रीय स्तर पर और सम्मानित जूरी से सराहना मिलने पर हमेशा आपको खुशी मिलती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)