देश की खबरें | सोहना-गुरुग्राम राजमार्ग पर रोडवेज बस ने टोलबूथ कर्मी को कुचला

गुरुग्राम, दो फरवरी हरियाणा रोडवेज की बस ने सोहना-गुरुग्राम राजमार्ग पर बने घमरोज टोल प्लाजा पर एक टोल बूथ कर्मी को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि शनिवार शाम को पैर में चोट लगने से श्रमिक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। टोल बूथ पर लगे सीसीटीवी में घटना दर्ज हो गई। उसने बताया कि भोंडसी थाने में बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि जैसे ही एक कार टोल प्लाजा से निकली, उसके ठीक पीछे वाली बस ने टोल शुल्क से बचने के लिए अपनी गति बढ़ा दी और तेज गति से निकल गया।

पुलिस ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की बस ने लेन संख्या तीन पर खड़े टोल कर्मचारी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। घायल टोल कर्मचारी की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी 34 वर्षीय दिलीप सिंह के रूप में हुई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने बस चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)