खेल की खबरें | चीजों को सरल बनाये रखने का इनाम मिला : सुंदर

शारजाह, 13 अक्टूबर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर का मानना है इस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चीजों को सरल बनाये रखने का उन्हें इनाम मिला और वह पावरप्ले और बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी करने में सफल रहे।

आरसीबी की अब तक के सफल अभियान में सुंदर की भूमिका अहम रही है। उन्होंने सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ दो विकेट लिये जिसमें इंग्लैंड की विश्व कप विजेता टीम के कप्तान इयोन मोर्गन का कीमती विकेट भी शामिल था। उनकी टीम ने यह मैच 82 रन से जीता।

यह भी पढ़े | CSK vs SRH, IPL 2020: चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों के सामने सनराइजर्स हैदरबाद द के गेंदबाजों की चुनौती, आज होगा मुकाबला.

सुंदर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं बस चीजों को सरल बनाकर रखना चाहता हूं और सही लेंथ पर गेंदबाजी करने पर ध्यान दे रहा हूं। इस सत्र में मेरे लिये यह कारगर साबित हो रहा है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम शारजाह में खेल रहे थे, इसलिए मैं बहुत अधिक चीजों को नहीं आजमाना चाहता था। यह हमारे लिये महत्वपूर्ण जीत है। ’’

यह भी पढ़े | RCB vs KKR 28th IPL Match 2020: शारजाह में बैंगलोर का धमाका, कोलकाता को 82 रनों से हराया.

सुंदर ने सात मैचों में पांच विकेट लिये हैं लेकिन उन्होंने बेहद किफायती गेंदबाजी की है। उनकी 51 गेंदें खाली गयी है। युजवेंद्र चहल (10 विकेट) के साथ मिलकर उन्होंने बीच के ओवरों में रन प्रवाह पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभायी है।

सुंदर ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मैं उनके साथ मिलकर अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)