भदोही (उप्र), 12 जनवरी उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफा देने के बाद उनके करीबी भदोही नगर सीट से विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर भाजपा से अपने त्यागपत्र का फर्जी पत्र वायरल किए जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
स्वामी प्रसाद मौर्य के मंगलवार को मंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद उनके करीबी माने जाने वाले विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी के लेटरपैड पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को संबोधित त्यागपत्र बताया जा रहा एक पत्र मंगलवार शाम को ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
त्रिपाठी ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि किसी बड़े नेता ने एक साजिश के तहत उनके लेटरपैड पर त्यागपत्र टाइप करके उसे वायरल कराया है और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नहीं छोड़ी है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में जिले की ज्ञानपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है जिसमें कहा गया है कि जिस आईडी से यह लेटरपैड सोशल मिडिया पर वायरल किया गया है, उससे संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और जिसने भी यह किया है उसे चौबीस घंटे के अंदर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY