देश की खबरें | पानी का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करें नयी दिल्ली क्षेत्र के निवासी: उपाध्याय

नयी दिल्ली, 16 जुलाई नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने रविवार को नयी दिल्ली क्षेत्र के निवासियों से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और इसे सिर्फ आवश्यक कार्यों तक सीमित रखने का आह्वान किया।

यह अपील दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा वजीराबाद और चंद्रावल में संचालित जल उपचार संयंत्रों को अस्थायी रूप से बंद किए जाने के मद्देनजर की गई है जो एनडीएमसी क्षेत्र को पानी की आपूर्ति करते हैं। हालांकि, जल उपचार संयंत्रों ने अब फिर से काम करना शुरू कर दिया है।

उपाध्याय ने कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि सभी निवासी अगली सूचना तक अपने पानी की खपत में कटौती करें। उन्होंने कहा, ‘‘एनडीएमसी इस कठिन समय में जनता से धैर्य और समझदारी की अपील करता है। नयी दिल्ली क्षेत्र के निवासियों को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए और इसके उपयोग को केवल आवश्यक आवश्यकताओं तक ही सीमित रखना चाहिए।’’

उपाध्याय ने बताया कि एनडीएमसी के अधिकारी और कर्मचारी निवासियों की सुविधा के लिए काम कर रहे थे, लेकिन पानी की अपर्याप्त उपलब्धता के कारण उन्हें बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने सभी मंत्रियों, संसद सदस्यों, वीआईपी, निवासियों, होटल और रेस्तरां मालिकों, बाजार व्यापारी संघों, निवासी कल्याण संघों के साथ-साथ निजी, सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों से पानी के उपयोग को कम करके ऐसे समय में निकाय के साथ सहयोग करने की अपील की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)