देश की खबरें | खारघर में लू से हुई मौतों पर रिपोर्ट चालू विधानसभा सत्र में पेश की जा सकती है: मुनगंटीवार

नागपुर, 15 दिसंबर महाराष्ट्र के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने शुक्रवार को कहा कि इस साल अप्रैल में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की उपस्थिति वाले एक समारोह में लू से 14 लोगों की मौत पर एक रिपोर्ट महाराष्ट्र विधानसभा में पेश की जा सकती है।

‘सुयोग आवास’ पर पत्रकारों से एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान सांस्कृतिक मामलों के मंत्री ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार प्रदान करने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई घटना के बारे में कुछ भी विवादास्पद नहीं था।

‘सुयोग आवास’ वह जगह है, जहां विधानमंडल सत्र के दौरान नागपुर के बाहर से आए पत्रकारों को रुकने की सुविधा दी जाती है।

अप्रैल में रायगढ़ जिले के खारघर इलाके में एक खुले मैदान में आयोजित पुरस्कार समारोह के दौरान लू लगने से कम से कम 10 महिलाओं और चार पुरुषों की मौत हो गई थी।

मुनगंटीवार ने कहा, ‘‘रिपोर्ट चालू सत्र के दौरान सदन में पेश की जा सकती है। घटना के बारे में कुछ भी विवादास्पद नहीं है क्योंकि मौसम विभाग ने 34 डिग्री सेल्सियस तापमान का अनुमान जताया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह सच है कि सांस्कृतिक मामलों के मंत्रालय ने मुंबई के पास कार्यक्रम आयोजित किया था। हालांकि, समय उनकी (अप्पासाहेब धर्माधिकारी) उपलब्धता के अनुसार तय किया गया था। उन्होंने हमें बताया था कि उनके अनुयायी कार्यक्रम के लिए जल्दी आ सकते हैं।’’

इस घटना में हुई मौतों के बाद विपक्षी दलों ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की आलोचना करते हुए उस पर कुप्रबंधन का आरोप लगाया था और जांच की मांग भी की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)