बेंगलुरु,19 जून रेणुकास्वामी हत्याकांड की जांच कर रही कर्नाटक पुलिस की नजर अब कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीप के ‘फैन क्लब्स’ पर है। इस हत्याकांड में कन्नड़ अभिनेता और उनकी दोस्त पवित्रा गौड़ा को 15 अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
अभिनेता के प्रशंसक रेणुकास्वामी को उसके गृहनगर चित्रदुर्ग से ‘क्लब’ का एक प्रमुख सदस्य अगवा कर बेंगलुरु ले आया था। यहां रेणुकास्वामी का उत्पीड़न किया गया एवं उसकी हत्या कर दी गयी और नौ जून को उसका शव मिला था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रेणुकास्वामी ने गौड़ा को अश्लील संदेश भेजे थे जिससे अभिनेता नाराज हो गये थे, फलस्वरूप उसकी (रेणुकास्वामी) कथित रूप से हत्या कर दी गयी।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘खासकर रेणुकास्वामी हत्याकांड के बाद ‘फैन क्लब्स’ की भूमिका बड़ा संदिग्ध है। चित्रदुर्ग दर्शन ‘फैन क्लब’ के संयोजक राघवेंद्र उर्फ रघु एवं उसके साथियों की भूमिका रेणुकास्वामी के अपहरण में अहम थी।’’
उनके अनुसार पुलिस पूरे राज्य में ‘दर्शन फैन क्लब्स’ के प्रमुख सदस्यों और उनकी गतिविधियों की ‘जांच-परख’ कर रही है क्योंकि उनपर कुछ असामाजिक तत्वों को प्रश्रय देने का संदेह है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ अपने धनबल एवं प्रभाव से दर्शन उन्हें बचा रहे थे।’’
पुलिस सूत्रों ने कहा कि जब कभी दर्शन की फिल्म रिलीज होती है तो इस ‘फैन क्लब’ के सदस्यों को इन फिल्मों के वास्ते बॉक्स ऑफिस पर अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए दर्शन और फिल्म निर्माता, निर्देशक एवं ‘फाइनेंसर’ (फिल्म में पैसा लगाने वाले) कथित रूप से भारी-भरकम रकम देते हैं ।
सूत्रों का कहना है कि दर्शन की फिल्मों से प्राप्त होने वाली कमाई में अच्छी हिस्सेदारी के लिए ये फैन क्लब उनकी फिल्मों की सफलता के लिए जी-तोड़ कोशिश करते हैं। सूत्रों के मुताबिक विभिन्न जिलों में उनके बीच प्रतिस्पर्धा होती है।
सूत्रों ने कहा, ‘‘यह भी देखा गया कि जब दर्शन की फिल्में और उनके प्रतिद्वंद्वी अभिनेता की फिल्में साथ रिलीज होती है तब (दर्शन के) इन फैन क्लब के सदस्य दूसरे अभिनेता के फैन क्लब के सदस्यों से भिड़ जाते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY