एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | खडसे के दामाद की मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तारी को लेकर राउत ने भाजपा की आलोचना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मादक पदार्थ मामले में एकनाथ खडसे के दामाद की गिरफ्तारी के एक दिन बाद, शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने सोमवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री को भाजपा नेता गिरीश महाजन को कथित ‘हनी ट्रैप’ कांड से जोड़ने के लिए निशाना बनाया जा रहा है।

देश की खबरें | खडसे के दामाद की मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तारी को लेकर राउत ने भाजपा की आलोचना की

मुंबई, 28 जुलाई मादक पदार्थ मामले में एकनाथ खडसे के दामाद की गिरफ्तारी के एक दिन बाद, शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने सोमवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री को भाजपा नेता गिरीश महाजन को कथित ‘हनी ट्रैप’ कांड से जोड़ने के लिए निशाना बनाया जा रहा है।

राउत ने दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर की गिरफ्तारी पर सवाल उठाया और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के परिवार के सदस्यों को निशाना बना रही है और उन्हें बदनाम कर रही है।

उन्होंने खडसे का स्पष्ट संदर्भ देते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री के घर पर हमला उनका मुंह बंद करने के लिए किया गया।

एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे का विवाह प्रांजल खेवलकर से हुआ है। पुलिस ने शनिवार देर रात पुणे के एक अपार्टमेंट में हो रही कथित ‘ड्रग पाटी’ पर छापा मारा और दावा किया कि मौके से मादक पदार्थ, हुक्का और शराब जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में खेवलकर को छह अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया।

रोहिणी खडसे शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की महाराष्ट्र में महिला इकाई की अध्यक्ष हैं।

राउत ने कहा कि पूरा मामला ही संदिग्ध है।

राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, ‘‘खडसे पिछले तीन दिनों से हनी ट्रैप की बात कर रहे हैं। वह इसमें (राज्य के कैबिनेट मंत्री) गिरीश महाजन की संलिप्तता की बात कर रहे हैं, लेकिन इससे संबंधित कोई जांच नहीं हो रही है। अब जब खडसे मुखर हो रहे हैं, तो उनके दामाद को गिरफ्तार कर लिया गया है।’’

उन्होंने दावा किया कि ऐसी घटनाएं महाराष्ट्र में हर जगह हो रही हैं।

राउत ने पुलिस पर ‘नौकर’ बनने और सरकार के खिलाफ बोलने वालों को निशाना बनाने का भी आरोप लगाया।

महाजन ने हाल ही में खडसे पर कथित ‘हनीट्रैप’ कांड के संबंध में निराधार आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास करने का आरोप लगाया था।

खडसे 2020 में भाजपा छोड़ अविभाजित राकांपा में शामिल हुए थे और महाजन के साथ उनकी तनातनी कोई नयी बात नहीं है। दोनों जलगांव जिले से ताल्लुक रखते हैं।

राउत ने आरोप लगाया, ‘‘हमने इस सिद्धांत का पालन किया कि (राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के) परिवार के सदस्यों को कभी नहीं घसीटा जाएगा। दुर्भाग्य से, भाजपा के लोग अब परिवार के सदस्यों को निशाना बना रहे हैं और उन्हें बदनाम कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 28, 2025 04:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).