बेंगलुरु/शिमला/लखनऊ, 27 फरवरी हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस को राज्यसभा चुनाव में उस समय करारा झटका लगा, जब उसके विधायकों की ‘क्रॉस वोटिंग’ के कारण पार्टी उम्मीदवार को भाजपा के हाथों हार का सामना करना पड़ा। वहीं, कर्नाटक में कांग्रेस तीन सीट जीतने में सफल रही। उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में आठ सीट पर जबकि समाजवादी पार्टी ने दो सीट पर जीत दर्ज की।
‘क्रॉस-वोटिंग’ के बीच भाजपा के उम्मीदवार हर्ष महाजन ने सत्तारूढ़ कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को पराजित कर हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की इकलौती सीट पर मंगलवार को जीत दर्ज की।
अधिकारियों ने बताया कि मुकाबला 34-34 मतों से बराबरी पर रहा था लेकिन उसके बाद महाजन को ‘ड्रॉ’ के जरिए विजेता घोषित कर दिया गया।
यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है जिसके पास 68 सदस्यीय विधानसभा में 40 विधायक हैं और उसने निर्दलीय विधायकों का समर्थन होने का भी दावा किया था। इस परिणाम से यह स्पष्ट हो गया है कि नौ विधायकों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया।
भाजपा ने दावा किया था कि महाजन मजबूत स्थिति में हैं क्योंकि कांग्रेस के कई विधायकों ने ‘अंतरात्मा की आवाज सुनकर वोट डालने’ की उनकी अपील पर ध्यान दिया है। अभी भाजपा के राज्य विधानसभा में 25 विधायक हैं।
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्रियों - ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा के सभी आठ उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं, राज्यसभा चुनाव में हार स्वीकार करते हुए सपा उम्मीदवार आलोक रंजन ने विजेताओं को बधाई दी।
इससे पहले दिन में उत्तर प्रदेश की 10, कर्नाटक की चार और हिमाचल प्रदेश की एक सीट के लिए मतदान हुआ।
उत्तर प्रदेश में उस समय हलचल देखी गई, जहां ‘क्रॉस वोटिंग’ की चिंताओं के बीच सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडे ने मतदान के दौरान ही इस्तीफा दे दिया। सोमवार को यादव द्वारा बुलाई गई बैठक में आठ सपा विधायक शामिल नहीं हुए थे।
कर्नाटक में मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने तीन सीट, जबकि भाजपा ने एक सीट जीती।
उच्च सदन के लिए निर्वाचित उम्मीदवारों में अजय माकन, जी सी चंद्रशेखर और सैयद नासिर हुसैन (सभी कांग्रेस से) और भाजपा के नारायणसा के. भांडगे शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY