विदेश की खबरें | राजनाथ सिंह ने लद्दाख में सीमा पर तनाव के बीच चीनी रक्षा मंत्री से मुलाकात की

मास्को/नयी दिल्ली, चार सितंबर पूर्वी लद्दाख में मई में सीमा पर पैदा हुए तनाव के बाद से पहली सर्वोच्च स्तर की बातचीत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को मास्को में अपने चीनी समकक्ष वेई फेंगही से मुलाकात की।

सरकार के सूत्रों ने बताया कि दोनों ने पूर्वी लद्दाख में सीमा पर बढ़ते तनाव को कम करने के तरीकों पर चर्चा की।

यह भी पढ़े | Taiwan ने चीनी फाइटर प्लेन उड़ाने के सोशल मीडिया के दावे को बताया झूठा.

सूत्रों ने कहा कि दोनों रक्षा मंत्रियों की वार्ता में लंबे समय से चले आ रहे सीमा गतिरोध को सुलझाने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए विश्वास का माहौल, गैर-आक्रामकता, अंतरराष्ट्रीय नियमों के प्रति सम्मान तथा मतभेदों का शांतिपूर्ण समाधान जरूरी है।

यह भी पढ़े | नेपाल में 1 दिन में सामने आए कोविड-19 के रिकॉर्ड 1,228 मामले.

वेई से मुलाकात से पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में दिये गये उनके इस बयान को पूर्वी लद्दाख में भारत के साथ सीमा विवाद में संलिप्त चीन को परोक्ष संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

भारत सरकार के सूत्रों के अनुसार चीन के रक्षा मंत्री ने द्विपक्षीय बैठक के लिए अनुरोध किया था।

यह मई में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सीमा विवाद पनपने के बाद से दोनों पक्षों के बीच पहली सर्वोच्च स्तर की बैठक है। इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने सीमा गतिरोध पर पूर्व में चीनी विदेश मंत्री वांग यी से बात की थी।

रूस की राजधानी मास्को में एक प्रमुख होटल में रात करीब साढ़े नौ बजे (भारतीय समयानुसार) वार्ता शुरू हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा सचिव अजय कुमार और रूस में भारत के राजदूत डी बी वेंकटेश वर्मा भी थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)