देश की खबरें | राजनाथ ने रक्षा तैयारियों को बढ़ाने में भूटान को सहयोग देने संबंधी भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की

नयी दिल्ली, चार फरवरी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को भूटान को उसकी रक्षा तैयारियों को बढ़ाने में सैन्य उपकरण और परिसंपत्तियों की आपूर्ति समेत समर्थन देने संबंधी भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

सिंह ने रॉयल भूटान आर्मी के मुख्य परिचालन अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल बाटू शेरिंग के साथ बैठक में यह बात कही।

भूटान के शीर्ष सैन्य कमांडर शनिवार से भारत की छह दिवसीय यात्रा पर हैं।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सिंह और लेफ्टिनेंट जनरल शेरिंग ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

इसने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री ने भूटान की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और भारत की ‘पड़ोस प्रथम’ नीति के अनुरूप रक्षा तैयारियों के लिए क्षमता बढ़ाने में भूटान को समर्थन देने संबंधी भारत की तत्परता की पुष्टि की, जिसमें भूटान की क्षमताओं को बढ़ाने के वास्ते रक्षा उपकरण और परिसंपत्तियों का प्रावधान भी शामिल है।’’

लेफ्टिनेंट जनरल शेरिंग ने भारत के निरंतर सहयोग की सराहना की तथा भूटान की रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने तथा रॉयल भूटान आर्मी (आरबीए) कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान करने में सहायता करने के लिए भारत को धन्यवाद दिया।

उन्होंने क्षेत्र में शांति और समृद्धि के साझा दृष्टिकोण को साकार करने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने की आरबीए की दृढ़ प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शेरिंग की यात्रा ने भारत-भूटान रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को और प्रगाढ़ करने का मौका प्रदान किया है।

ऐसा माना जा रहा है कि लेफ्टिनेंट जनरल शेरिंग की भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत में डोकलाम की समग्र स्थिति पर चर्चा हुई।

कमांडर पहले ही प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान के साथ बातचीत कर चुके हैं।

शेरिंग का सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिस्री से भी मिलने का कार्यक्रम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)