विदेश की खबरें | लेस्टर चुनाव पर ध्यान केंद्रित करने के लिए राजेश अग्रवाल ने लंदन के उपमहापौर पद से इस्तीफा दिया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, 28 नवंबर ‘लंदन फॉर बिजनेस’ के भारतीय मूल के उपमहापौर राजेश अग्रवाल ने आगामी आम चुनाव में लेस्टर से संसदीय चुनाव लड़ने पर अपना ध्यान केंद्रित करने के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

इंदौर में जन्मे 46-वर्षीय उद्यमी अग्रवाल को अगले साल होने वाले चुनाव के लिए हाल ही में लेस्टर ईस्ट निर्वाचन क्षेत्र से लेबर पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुना गया था।

उन्होंने ब्रिटेन की राजधानी की व्यापार और निवेश नीतियों के प्रभारी के तौर पर महापौर सादिक खान की टीम में दो कार्यकाल पूरा करने के बाद सोमवार शाम को सोशल मीडिया पर पद छोड़ने की घोषणा की।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘लेबर पार्टी के संसदीय उम्मीदवार के रूप में मेरे हालिया चयन और उस पर सावधानीपूर्वक विचार के बाद, मैंने लेस्टर ईस्ट में चुनाव प्रचार पर ध्यान केंद्रित करने के लिए लंदन के उपमहापौर का पद छोड़ने का कठिन निर्णय लिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साढ़े सात वर्षों से इस पद पर रहते हुए लंदनवासियों की सेवा करना वास्तव में एक सम्मान और सौभाग्य रहा है तथा मैंने इसमें अपना सब कुछ दिया है। लाखों अन्य लोगों की तरह, मैं भी इस देश में बहुत थोड़ा लेकर आया और इसे अपना घर बना लिया। चूंकि मैंने न्यूनतम वेतन से थोड़ा ऊपर काम किया, इसलिए मुझे पता है कि असफलता और सफलता के बीच एक पतली रेखा होती है।’’

अग्रवाल ने कहा, ‘‘इस देश ने मुझे अवसर दिया और कड़ी मेहनत एवं लगन से मैंने अच्छा प्रदर्शन किया, परंतु मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस धरती के सबसे महान शहरों में से एक के उपमहापौर के रूप में सेवा करने का सौभाग्य मिलेगा- एक बार ही नहीं, बल्कि दो बार। इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।’’

उन्होंने अपनी उपलब्धियों और शहर के उपमहापौर के रूप में हासिल की गई ‘‘महत्वपूर्ण उपलब्धियों’’ का उल्लेख किया, जिनमें लंदनवासियों को उच्च वेतन दिलाना, आंतरिक निवेश हासिल करना और शहर के लिए नौकरियों के अवसर बढ़ाना शामिल है।

उनके बॉस अर्थात महापौर के पद पर तैनात पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश नागरिक सादिक खान ने उनकी राजनीतिक यात्रा के अगले पड़ाव के लिए अपना समर्थन दिया है।

सादिक खान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘राजेश ने हमारे शहर के लिए बहुत कुछ करने में मदद की है: लंदनवासियों को वास्तव में ‘लंदन लिविंग वेज’ में छह गुना वृद्धि कराने से लेकर अरबों पाउंड का निवेश सुनिश्चित करने तथा हजारों नई नौकरियां सृजित करने तक। धन्यवाद राजेश - हम आपकी हर सफलता की कामना करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)