देश की खबरें | राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने केरल के राज्यपाल के रूप में शपथ ली

तिरुवनंतपुरम, दो जनवरी राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बृहस्पतिवार को यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में केरल के 23वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली।

केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नितिन जामदार ने सुबह 10:30 बजे आर्लेकर को शपथ दिलाई। आर्लेकर ने आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लिया है जिन्हें बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

शपथ ग्रहण समारोह में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनके कैबिनेट सहयोगियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।

बाद में शाम को राज्यपाल और उनके परिवार के सदस्यों ने यहां श्री पद्मनाभ स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर में उनका स्वागत भगवान पद्मनाभ की तस्वीर और एक कैलेंडर देकर किया गया।

आर्लेकर बुधवार को यहां पहुंचे थे। मुख्यमंत्री विजयन, केरल विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमसीर और मंत्रियों के. राजन तथा रामचंद्रन कदन्नापल्ली ने उनका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले सप्ताह खान को बिहार का नया राज्यपाल और आर्लेकर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)